इस दिन शपथ ले सकते हैं PM मोदी, पहले वाराणसी जाएंगे, फिर गुजरात जाकर मां से लेंगे आशीर्वाद
Get Latest Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, Today News in Hindi, Breaking News, Hindi News - Rewa Riyasat
प्रचंड जीत के साथ नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर दिल्ली के सिंहासन पर वापसी की है. अब हर किसी की नज़र शपथ ग्रहण पर टिकी है, सूत्रों की मानें तो वह 30 मई को शपथ ले सकते हैं. शपथ लेने से पहले नरेंद्र मोदी 28 मई को जीत का आशीर्वाद लेने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी जा सकते हैं. जहां पर वह अपने मतदाताओं से सीधा संवाद करेंगे और लगातार दूसरी बार जीतने पर धन्यवाद देंगे.
वाराणसी जाने के बाद प्रधानमंत्री मोदी अपने गृह राज्य गुजरात भी जाएंगे. गुजरात ने एक बार फिर नरेंद्र मोदी को सभी 26 सीटें दी हैं, ऐसे में मोदी गुजरात जाकर वोटरों का धन्यवाद करेंगे. इसी दौरे पर वह अपनी मां हीरा बेन से भी मिलेंगे और जीत का आशीर्वाद लेंगे.
बता दें कि अक्सर चुनाव में जीत दर्ज करने और जन्मदिन के अवसर पर नरेंद्र मोदी अपनी मां से आशीर्वाद लेने पहुंचे हैं. 2014 में जब वह प्रधानमंत्री बने, तब भी उन्होंने सबसे पहले अपनी मां का आशीर्वाद लिया था. हाल ही में जब वह गुजरात में मतदान करने गए थे, तब भी उन्होंने अपनी मां से मुलाकात की थी. नरेंद्र मोदी एक दिन के लिए गांधीनगर में रुकेंगे.
अगर शपथ ग्रहण की तारीख की बात करें, तो वह अभी तक फिक्स नहीं हो पाई है. बीजेपी शपथ ग्रहण की तारीख पर आज शाम तक फैसला ले सकती है. बता दें कि 2014 में नरेंद्र मोदी ने 26 मई को शपथ ग्रहण की थी.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम को ही राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात करेंगे और अपना इस्तीफा देंगे. जिसके बाद ही नई सरकार बनाने की प्रक्रिया शुरू होगी. राष्ट्रपति की ओर से आज मौजूदा केंद्रीय मंत्रियों को भी डिनर दिया जाएगा.
गौरतलब है कि नरेंद्र मोदी की अगुवाई में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज की है. बीजेपी को इस बार 303 सीटें तो वहीं एनडीए को 353 सीटें मिली हैं. कांग्रेस मात्र 52 और यूपीए 90 के आसपास ही सिमट गई है.