मोदी बने भारत के दूसरे सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने वाले PM: इंदिरा गांधी का रिकॉर्ड तोड़ा, जानें लगातार सबसे लंबे कार्यकाल वाले 6 प्राइम मिनिस्टर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को 4078 दिन पूरे करते हुए भारत के लगातार दूसरे सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड बनाया है. उन्होंने इंदिरा गांधी के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है.;
मोदी बने भारत के दूसरे सबसे लंबे समय पद में रहने वाले प्रधानमंत्री: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है. वे भारत के लगातार दूसरे सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने वाले नेता बन गए हैं. शुक्रवार, 25 जुलाई 2025 को उन्होंने प्रधानमंत्री पद पर 4078 दिन पूरे कर लिए हैं. इस आंकड़े के साथ ही उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है. इंदिरा गांधी 24 जनवरी 1966 से 24 मार्च 1977 तक, यानी कुल 4077 दिनों तक लगातार प्रधानमंत्री रही थीं. प्रधानमंत्री मोदी का यह कीर्तिमान उनके लगातार तीसरे कार्यकाल में दर्ज हुआ है.
जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड अभी भी सबसे ऊपर
भारत में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री कौन रहा है? हालांकि, भारत में सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड अभी भी देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के नाम पर है. नेहरू 15 अगस्त 1947 से 27 मई 1964 तक, यानी लगातार कुल 6126 दिनों तक इस सर्वोच्च पद पर रहे थे. प्रधानमंत्री मोदी अब नेहरू के इस रिकॉर्ड से 2048 दिन पीछे हैं.
लगातार सबसे लंबे कार्यकाल वाले 6 प्राइम मिनिस्टर
| प्रधानमंत्री | कार्यकाल | दिन |
|---|---|---|
| जवाहर लाल नेहरू | 15 अगस्त 1947 से 27 मई 1964 तक | 6126 |
| नरेंद्र मोदी | 26 मई 2014 से अबतक | 4078 |
| इंदिरा गांधी | 24 जनवरी 1966 से 24 मार्च 1977 तक | 4077 |
| मनमोहन सिंह | 22 मई 2004 से 26 मई 2014 तक | 3656 |
| अटल बिहारी वाजपेयी | 19 मार्च 1998 से 22 मई 2004 तक | 2256 |
| राजीव गांधी | 31 अक्टूबर 1984 से 1 दिसंबर 1989 तक | 1857 |
लोकसभा चुनाव में नेहरू की बराबरी, 2029 पर नजर
प्रधानमंत्री मोदी पहले ही तीन लगातार लोकसभा चुनाव (2014, 2019, 2024) जीतने के मामले में जवाहरलाल नेहरू की बराबरी कर चुके हैं. नेहरू ने भी अपनी पार्टी को लगातार तीन लोकसभा चुनावों में जीत दिलाई थी. अगर प्रधानमंत्री मोदी 2029 का लोकसभा चुनाव भी जीतने के बाद प्रधानमंत्री बनते हैं, तो वे लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री बने रहने का नेहरू का रिकॉर्ड भी तोड़ सकते हैं. यह एक ऐसा लक्ष्य होगा, जो उन्हें भारतीय राजनीति के इतिहास में एक अद्वितीय स्थान दिलाएगा.
मोदी: सबसे लंबे समय तक निर्वाचित नेता और स्वतंत्रता के बाद जन्मे पहले PM
नरेंद्र मोदी का राजनीतिक सफर कैसा रहा है? प्रधानमंत्री मोदी ने राजनीति में कई अनोखे कीर्तिमान स्थापित किए हैं. वह 2001 से 2014 तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे, जिसके बाद 26 मई 2014 से उन्होंने प्रधानमंत्री का कार्यभार संभाला. इस तरह, वे एक चुने हुए सरकार के मुखिया का कार्यभार राज्य और केंद्र दोनों में मिलाकर 24 साल से ज्यादा समय तक संभालने वाले पहले भारतीय नेता बन गए हैं.
इसके अलावा, प्रधानमंत्री मोदी स्वतंत्रता के बाद जन्मे भारत के पहले प्रधानमंत्री हैं. वे ऐसे पहले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री भी हैं जिन्होंने अपने दो पूर्ण कार्यकाल पूरे किए हैं और अब तीसरे कार्यकाल में सबसे लंबे समय तक इस पद पर बने रहने का रिकॉर्ड बना रहे हैं. उनकी राजनीतिक यात्रा, एक सामान्य कार्यकर्ता से लेकर देश के सर्वोच्च पद तक पहुंचने की, कई मायनों में प्रेरक रही है.
लगातार 6 चुनावों में पार्टी को दिलाई जीत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के ऐसे इकलौते नेता हैं, जिन्होंने लगातार छह चुनावों में अपनी पार्टी का नेतृत्व करते हुए जीत हासिल की है. इन चुनावों में शामिल हैं:
गुजरात विधानसभा चुनाव: 2002, 2007 और 2012
लोकसभा चुनाव: 2014, 2019 और २०२४
पॉलिटिकल लाइफ
18 साल की उम्र में घर छोड़कर 2 साल तक नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में रहे।
20 साल की उम्र में वडनगर में ABVP की एक शाखा की शुरुआत की।
22 साल की उम्र में RSS के प्रचारक बने।
1987: मोदी BJP के संगठन सचिव बने और उन्होंने न्याय यात्रा निकाली।
1989: नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी ने लोक शक्ति यात्रा निकाली थी।
1990: आडवाणी की रथयात्रा का जिम्मा नरेंद्र मोदी को दिया गया।
1995: BJP के राष्ट्रीय सचिव और कई राज्यों के प्रभारी बने।
1998: BJP के राष्ट्रीय संगठन सचिव के लिए चुने गए।
राजनीत में मिली सफलता
2001 में पहली बार MLA बनने से पहले गुजरात के 14वें मुख्यमंत्री बने।
2001, 2002, 2007, 2012 4 बार गुजरात के मुख्यमंत्री रहे।
63 साल की उम्र में 2014 लोकसभा चुनाव के लिए BJP के PM उम्मीदवार बने।
64 साल की उम्र में 26 मई 2014 को भारत के प्रधानमंत्री बने।
18वें प्रधानमंत्री के तौर पर नरेंद्र मोदी ने शपथ ली।
15वें शख्स थे जो सीधे PM पद तक पहुंचे।
15 जून 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री के रूप में पहले विदेश दौरे पर भूटान गए।
69 साल की उम्र में दूसरी बार देश के प्रधानमंत्री बने।
9 जून 2024 को नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बने।