MP: इस खास कारण से सिंधिया ने भोपाल में डेरा जमाया, CM कमलनाथ से मुलाकात की

Get Latest Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, Today News in Hindi, Breaking News, Hindi News - Rewa Riyasat

Update: 2021-02-16 06:04 GMT

भोपाल। पश्चिमी उत्तरप्रदेश के प्रभारी बनाए गए कांग्रेस महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने ग्वालियर-चंबल संभाग के लिए लोकसभा चुनाव में राजनीतिक और प्रशासनिक जमावट करने भोपाल पहुंचे। उन्होंने इसके लिए पहले मुख्यमंत्री कमलनाथ और फिर मुख्य सचिव सुधिरंजन मोहंती से अलग-अलग बातचीत की।

राजनीतिक जमावट के तहत वे अपने क्षेत्र में भाजपा के तीन कद्दावर नेताओं की एंट्री कांग्रेस में करा गए। जल्द ही प्रशासनिक जमावट के आदेश होने की संभावना है। प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के बाद सिंधिया पहली बार मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे मंत्रालय पहुंचे और रात करीब सवा दस बजे वहां से रवाना हुए।

सूत्रों के मुताबिक उन्होंने पहले मुख्यमंत्री कमलनाथ से मुलाकात की। एक घंटे से ज्यादा दोनों नेताओं के बीच बंद कमरे में बातचीत हुई। इसमें ग्वालियर-चंबल की राजनीतिक स्थिति और वहां पार्टी की स्थिति को मजबूत करने के लिए किए जाने वाले कामों के साथ आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी, रणनीति, विकास के प्रमुख मुद्दे, संभावित प्रत्याशी को लेकर चर्चा हुई। काफी देर तक दोनों नेताओं के बीच लॉबी में भी बातचीत हुई। सिंधिया इसके बाद मुख्य सचिव एसआर मोहंती से भी मिले। इस दौरान सिंधिया ने ग्वालियर और चंबल संभाग में प्रशासनिक व पुलिस महकमे सहित अन्य फेरबदल पर चर्चा की।

बताया जा रहा है कि दोनों में एकांत चर्चा के बाद मुख्यमंत्री सचिवालय में पहले से मौजूद राजस्व मंत्री गोविंद सिंह राजपूत और पशुपालन मंत्री लाखन सिंह यादव सहित ग्वालियर व चंबल क्षेत्र के विधायकों के साथ मुख्यमंत्री की मुलाकात हुई। इसमें विधायकों ने अपने क्षेत्रों से संबंधित कुछ कामों की बात रखी तो मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि सभी पर काम होगा। दरअसल, पहले यह बताया गया था कि सिंधिया ग्वालियर व चंबल क्षेत्र के विकास को लेकर मुख्यमंत्री की मौजूदगी में अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।

अपनी ताकत बढ़ाई सिंधिया ने ग्वालियर चंबल संभाग में अपने दखल को दिखाते हुए वहां भाजपा के कद्दावर नेताओं में शुमार तीन लोगों दो पूर्व विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी और राव राजकुमार यादव सहित एक पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मलकीत सिंह संधू, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अमरजीत सिंह और चार सरपंच व चार पूर्व सरपंचों को कांग्रेस पार्टी में शामिल कराया।

गोंगपा की हीरासन उइके कांग्रेस में शामिल गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) की महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष हीरासन उइके ने मंगलवार को कांग्रेस की सदस्यता ले ली। एआईसीसी के महासचिव और प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया ने उन्हें कांग्रेस की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर संगठन प्रभारी उपाध्यक्ष चंद्रप्रभाष शेखर भी मौजूद थे।

Similar News