प्याज की आड़ में नशे की खेती: मैहर के अमरपाटन में अफीम की खेती हो रही थी, 5052 पौधे बरामद; आरोपी गिरफ्तार

मैहर जिले के सुआ गांव में अफीम की खेती की जा रही थी। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।

Update: 2024-03-12 06:19 GMT

सतना। मध्यप्रदेश के मैहर जिले के अमरपाटन थाना इलाके में सोमवार को पुलिस ने सुआ गांव में दबिश देकर अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया है। आरोपी रामकिशोर पटेल 59 पिता कमलाकर प्याज की फसल की आड़ में अफीम की खेती करते पकडा गया। उसके खेत में अफीम की लहलहाती फसल देख पुलिस भी हैरान रह गई। पुलिस को मौके पर अफीम के पौधे उखाड़ने में डे़ढ़ घंटे लगे। गिनती करने पर 5052 हरे पौधे मिले। जब्त पौधों का वजन एक क्विंटल 63 किग्रा निकला है।

सोमवार को टीआई आदित्य सेन को किसी ने खेत की फोटो भेजकर सूचना दी कि रामकिशोर नदी तरफ वाले खेत में अवैध रूप से अफीम की खेती कर रहा है। टीआइ ने एसडीओपी एसके सिंह को अवगत कराया। दो बजे एसडीओपी, टीआइ व तहसीलदार आरडी साकेत पुलिसकर्मियों को लेकर सुआ पहुंचे। पुलिस को देखकर आरोपी झोपड़ी में छिप गया था। पुलिस ने रामकिशोर को दबोचकर अफीम के पौधे उखड़वाए। एसडीओपी सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। उसे मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

अक्टूबर-नवम्बर में बीज डाला था

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने बताया कि अक्टूबर-नवम्बर में बीज डाला था। पौधों में फल पकने ही वाले थे। जब्त अफीम की कीमत के बारे में पुलिस ने कहा कि पक्के तौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता। अफीम के दानों का अलग-अलग इस्तेमाल होता है। आबकारी विभाग से कीमत के बारे में पूछेंगे। फिलहाल जब्त पौधे एक लाख रुपए से ज्यादा कीमत के हैं। बताते हैं कि अफीम की खेती में लागत कम आती है।

Tags:    

Similar News