एमपी कटनी की प्लास्टिक फैक्ट्री में लगी भीषण आग, करोड़ों का सामान जलकर खाक

MP News: मध्यप्रदेश के कटनी जिले स्थित सतनाम पॉलिमर प्लास्टिक फैक्ट्री में आग भड़क उठी। आग ने इतना भीषण रूप धारण कर लिया कि उसे बुझाने के लिए मौके पर सात दमकल की गाड़ियां पहुंचीं।

Update: 2023-05-12 07:42 GMT

मध्यप्रदेश के कटनी जिले स्थित सतनाम पॉलिमर प्लास्टिक फैक्ट्री में आग भड़क उठी। आग ने इतना भीषण रूप धारण कर लिया कि उसे बुझाने के लिए मौके पर सात दमकल की गाड़ियां पहुंचीं। अब तक 69 राउंड लगाकर पानी डाला जा चुका है किन्तु आग बुझने का नाम नहीं ले रही है। आगजनी की चपेट में आने से कई मशीनों सहित प्लास्टिक का सामान जलकर खाक हो गया है।

करोड़ों का हुआ नुकसान

कटनी की प्लास्ट्रिक फैक्ट्री में आग बुझाने के लिए दमकल कर्मियों द्वारा प्रयास किया जा रहा है किन्तु आग जस की तस बनी हुई है। आग की जद में आने से मशीनें व प्लास्टिक का सामान जल गया। आगजनी की इस घटना से फैक्ट्री में करोड़ों का सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर भी मौके पर पहुंच गए। कलेक्टर अवि प्रसाद के मुताबिक माधवनगर के इंडस्ट्रियल एरिया में प्लास्टिक की फैक्ट्री में भीषण आग की जानकारी मिली थी। मौके पर सात दमकल गाड़ियों को भेजा गया। आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं। उनका कहना है कि आगजनी की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

आग बुझाने में लगी हैं दमकल की सात गाड़ियां

बताया गया है कि यह फैक्ट्री लगभग 10 हजार वर्ग फुट पर बनी हुई है। यह फैक्ट्री सतनाम पॉलीमर और गुरुनानक क्रॉकरी वालों की बताई जा रही है। फैक्ट्री की दूसरी मंजिल से सुबह 6 बजे मशीन चालू करने पहुंचे कर्मियों ने धुआं निकलते देखा। जिसके बाद उनके द्वारा संचालक ओम सचदेवा को इसकी सूचना प्रदान की गई। जिस पर दमकल की कई गाड़ियों का पहुंचना मौके पर प्रारंभ हो गया। प्लास्टिक का सामान होने के कारण यहां पर आग काफी तेजी से फैल गई। आग पर काबू पाने के लिए क्रेन की मदद से दूसरी मंजिल की दीवार को तोड़ा गया। जिसके बाद पानी का छिड़काव कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है।

इनका कहना है

इस संबंध में विधायक संदीप जायसवाल का कहना है कि प्लास्टिक फैक्ट्री में आग ने भीषण रूप ले लिया। इससे करोड़ों रुपए के नुकसान होने की संभावना है। आग पर काबू पाने के लिए मौके पर सात दमकल लगी हुई हैं। जिनके द्वारा लगातार पानी का छिड़काव किया जा रहा है। आग बुझाने का काम जारी है। आसपास के फैक्ट्री संचालक भी सतर्क हो गए हैं जिससे आग उन तक न फैलने पाए।

Tags:    

Similar News