9वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बनें नीतीश कुमार, 2 डिप्टी सीएम सहित 8 मंत्रियों ने शपथ ली

9वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बनें हैं। उनके साथ दो डिप्टी सीएम समेत 8 मंत्रियों ने शपथ ली है।

Update: 2024-01-28 19:44 GMT

नीतीश कुमार ने रविवार शाम 5 बजे 9वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सम्राट चौधरी और नेता प्रतिपक्ष रहे विजय सिन्हा को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। शपथ ग्रहण के बाद सीएम नीतीश ने कहा कि मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द होगा। साथ ही कहा कि अब कहीं जाने का कोई सवाल नहीं है।

नीतीश ने आज सुबह 11 बजे ही इस्तीफा दिया था। इस्तीफे के साथ नई सरकार बनाने का दावा पेश किया था। इसके बाद दोपहर में भाजपा ने नई सरकार को समर्थन का औपचारिक ऐलान किया था।

शाम पांच बजे हुए समारोह में नीतीश के साथ कुल 8 मंत्रियों ने शपथ ली। मंत्रियों में मुख्यमंत्री समेत 2 कुर्मी, 2 भूमिहार, 1-1 राजपूत, दलित, कहार, कोइरी और यादव हैं। सभी का संक्षिप्त ब्योरा नीचे दिया गया है...

बिहार के उपमुख्यमंत्री

1. सम्राट चौधरी (भाजपा)

2. विजय सिन्हा (भाजपा)

बिहार के नए मंत्री

3. डॉ. प्रेम कुमार (भाजपा)

4, विजेंद्र प्रसाद (जदयू)

5. श्रवण कुमार (जदयू)

6. विजय कुमार चौधरी (जदयू)

7. संतोष कुमार सुमन (हम)

8. सुमित सिंह (निर्दलीय)

Live Updates
2024-01-28 07:22 GMT

भाजपा ने सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता और विजय सिन्हा को उपनेता बनाया है। इन दोनों को डिप्टी सीएम बनाया जा रहा है। दोपहर बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जेपी नड्डा पटना पहुंच रहे हैं।

2024-01-27 09:00 GMT

बिहार में नीतीश कुमार- लालू यादव का गठबंधन टूट चुका है। नीतीश कुमार कल सुबह 10 बजे राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौपेंगे और नई सरकार के गठन का दावा पेश करेंगे। कल शाम ही सीएम के तौर पर नीतीश कुमार की फिर से ताजपोशी होगी। JDU कोर कमेटी की बैठक में यह फैसला लिया गया है। 

इसके पहले नीतीश कुमार ने RJD कोटे के मंत्रियों के कामकाज पर रोक लगा दी है। इसके बाद राज्य के कृषि मंत्री कुमार सर्वजीत ने सरकारी गाड़ी लौटा दी। इधर दिल्ली से पटना पहुंचे भाजपा के राज्यसभा सांसद राकेश सिंह ने कहा है कि दुनिया ने मोदी का सुशासन देखा है। अब बिहार की जनता भी मोदी का सुशासन देखना चाहती है।

2024-01-27 07:08 GMT

बिहार में RJD और JDU का गठबंधन टूटने की कगार पर है। शनिवार को सीएम नीतीश कुमार ने आरजेडी कोटे के मंत्रियों के कामकाज पर रोक लगा दी है। इधर, कांग्रेस ने बिहार के लिए छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को ऑबजर्वर नियुक्त किया है। 

2024-01-27 06:57 GMT

इधर, भाजपा के सूत्रों की मानें तो नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं और रविवार 28 जनवरी को 9वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेकर रिकॉर्ड बना सकते हैं। इसे लेकर भाजपा ने आज पटना में विधायक दल की मीटिंग बुलाई है।

2024-01-27 06:56 GMT

राबड़ी आवास पर लालू-तेजस्वी ने राजद कोटे के मंत्रियों के साथ बैठक की है। बैठक में तेजस्वी ने कहा है कि आसानी से तख्तापलट नहीं होने देंगे। इतनी आसानी से ताजपोशी नहीं होने देंगे। बताया जा रहा है कि आरजेडी शनिवार को राज्यपाल के सामने अपने विधायकों की परेड करा सकती है। 

2024-01-26 17:41 GMT

बिहार में जारी सियासी हलचल पर दिल्ली बीजेपी मुख्यालय में शीर्ष नेताओं की बैठक खत्म हो गई है। बैठक में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल थे। बैठक के बाद अमित शाह और जेपी नड्डा बाहर निकले। हालांकि, बैठक के दौरान क्या बातचीत हुई इसकी जानकारी अभी नहीं मिल पाई है।

2024-01-26 17:35 GMT

बिहार में बीजेपी सूत्रों की मानें तो कांग्रेस के 10 से अधिक विधायक बीजेपी नेताओं के संपर्क में हैं। बिहार में वर्तमान में कांग्रेस के 19 विधायक हैं। इसका मतलब साफ है कि बिहार में अगर नई सरकार का गठन होता है तो इसकी रूपरेखा भी तैयार की जा रही है और इसमें BJP अहम रोल निभाने वाली है। 

2024-01-26 17:29 GMT

नीतीश कुमार को मनाने की कोशिश जारी है। राष्ट्रीय जनता दल के नेता शिवानंद तिवारी के हवाले से यह जानकारी सामने आई है कि नीतीश कुमार से मिलने और बात करने की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं हो सकी। सूत्रों के हवाले से खबर है कि लालू यादव ने भी आज नीतीश से बात करने की पांच बार कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो पाई।

2024-01-26 17:29 GMT

पटना में शनिवार शाम 4 बजे बिहार भाजपा की विस्तारित कार्यसमिति की बैठक होगी। बैठक में बिहार भाजपा के सभी सांसदों और विधायकों को बुलाया गया है। बैठक में चुनावी तैयारियों पर चर्चा होगी। भाजपा ने पिछड़े वर्ग समेत आम लोगों के लिए जो काम किया है, उसे जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा। प्रदेश के सियासी हालात को लेकर भी नेताओं का रूख जाना जाएगा। साथ ही चुनाव को लेकर तैयार रहने को कहा जाएगा। नेताओं को बयानबाजी को लेकर भी ताकीद की जाएगी।

2024-01-26 17:27 GMT

बिहार विधानसभा में बहुमत के लिए जरूरी सीटों की संख्या 122 है। महागठबंधन में आरजेडी के 79, कांग्रेस के 19 और लेफ्ट के 16 विधायक हैं। इनकी कुल संख्या 114 है। अगर कांग्रेस के 10 विधायक बागी हो जाते हैं तो महागठबंधन के पास सिर्फ 104 विधायक बचेंगे। वहीं, बीजेपी के 78, जेडीयू के 45 और हम पार्टी के 4 विधायकों के साथ एनडीए के पास कुल 127 विधायक हैं। नीतीश को सरकार में बनें रहने के लिए ऐसी स्थिति में BJP के साथ समझौता करना पड़ेगा। 

ऐसे में माना जा रहा है कि बीजेपी अपनी शर्तों के आधार पर समझौता करेगी। यह समझौता बीजेपी के सभी मौजूदा सहयोगी दलों के हितों को भी नुकसान नहीं पहुंचाएगा। इसलिए, बिहार विधानसभा में बहुमत के लिए जरूरी सीटों की संख्या के आधार पर, यह स्पष्ट है कि एनडीए के पास बहुमत बनाने की संभावना अधिक है। हालांकि, अगर महागठबंधन किसी तरह से कांग्रेस के बागी विधायकों को अपने साथ मिला लेता है या फिर जेडीयू को अपने पक्ष में कर लेता है तो बहुमत की स्थिति बदल सकती है। लेकिन, फिलहाल, बीजेपी के पास बहुमत बनाने की स्थिति अधिक मजबूत लग रही है।

Tags:    

Similar News