देखें 15 सीजन में सबसे अधिक कमाने वाले क्रिकेटरों की लिस्ट
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 16वें सीजन की शुरुआत 31 मार्च से होने वाली है. दुनिया की सबसे लुभावनी टी20 लीग में पिछले साल की तरह इस बार भी 10 टीमें मशक्कत करती नजर आएंगी.
आईपीएल एक ऐसा मंच है जहां खिलाड़ियों को शोहरत तो मिलती ही है, उन पर पैसों की बरसात भी होती है. आईपीएल में सबसे ज्यादा कमाई करने वाले खिलाड़ियों की बात आती है तो रोहित शर्मा, महेंद्र सिंह धोनी जैसे धुरंधर इस लिस्ट में सबसे आगे हैं.
आईपीएल में अब तक सात खिलाड़ियों ने 100 करोड़ या इससे ज्यादा की कमाई की है. आइए आईपीएल में सबसे ज्यादा कमाई करने वाले टॉप-5 खिलाड़ियों पर एक नजर डालते हैं.
5. रवींद्र जडेजा (2008 से 2023)
जब IPL की शुरुआत हुई थी तब रवींद्र जडेजा एक अनकैप्ड खिलाड़ी थे. आईपीएल के शुरुआती सीजन की नीलामी में उन्हें राजस्थान रॉयल्स ने 12 लाख रुपये में खरीदा था. इस लीग में जडेजा ने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया जिसके चलते उनकी सैलरी भी बढ़ती गई.
आईपीएल में अब तक जडेजा की टोटल इनकम 109 करोड़ रुपये रही है. बाएं हाथ के ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने अब तक आईपीएल में 210 मैच खेलकर 2502 रन बनाए हैं. इसके साथ ही उन्होंने 132 विकेट भी झटके हैं.
4. सुरेश रैना (2008 से 2021)
'मिस्टर आईपीएल' के नाम से मशहूर सुरेश रैना इस टी20 लीग के सबसे सफलतम बल्लेबाजों में से एक रहे और उन्होंने सीएसके लिए चार खिताब जीते. रैना ने कुल 205 मैच में 5528 रन बनाए, जिसमें एक शतक और 39 अर्धशतक शामिल रहे.
रैना ने 2008 से 2019 तक हरेक सीजन में 300 या उससे अधिक रन बनाए, जो एक रिकॉर्ड है. रैना ने आईपीएल से 110 करोड़ रुपये की कमाई की.
3. विराट कोहली (2008 से 2023)
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने अपने आईपीएल करियर में 173 करोड़ रुपये की कमाई की है. वह इस लिस्ट में एकमात्र भारतीय हैं जिन्होंने कभी भी इंडियन प्रीमियर लीग का खिताब नहीं जीता है. विराट कोहली आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं.
आरसीबी के इस पूर्व कप्तान ने अब तक 223 आईपीएल मुकाबलों में 36.20 के एवरेज से 6624 रन बनाए हैं. विराट के नाम पर आईपीएल में 5 शतक और 44 अर्धशतक दर्ज हैं.
2. एमएस धोनी (2008 से 2023)
CSK के कप्तान MS धोनी आईपीएल के पहले सीजन की नीलामी के सबसे महंगे प्लेयर थे. उनकी पहली सैलरी 6 करोड़ रुपये थी, जो 2011 में बढ़कर 8.28 करोड़ रुपये, 2014 में 12.5 करोड़ रुपये और 2018 में 15 करोड़ रुपये हो गई.
धोनी की आईपीएल 2023 में सैलरी 12 करोड़ रुपये है और वह आईपीएल से लगभग 176 करोड़ रुपये कमा चुके हैं. 41 साल के एमएस धोनी ने अब तक 234 आईपीएल मुकाबलों में 39.20 की औसत से 4978 रन बनाए हैं, जिसमें 24 अर्धशतक शामिल रहे.
1. रोहित शर्मा (2008 से 2023)
स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा आईपीएल के सबसे सफल कप्तान होने के साथ-साथ सर्वाधिक कमाई करने वाले प्लेयर भी हैं. रोहित आईपीएल में सबसे ज्यादा कमाई करने के मामले में महेंद्र सिंह धोनी को पछाड़ टॉप पर मौजूद हैं.
मुंबई इंडियंस के कप्तान की आईपीएल कमाई लगभग 178 करोड़ रुपये है. रोहित ने अब तक 227 आईपीएल मैचों में 30.30 के एवरेज से 5879 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और 40 अर्धशतक निकले.