विदिशा| रीवा की मऊगंज विधानसभा सीट से विधायक रहे लक्ष्मण तिवारी ने दो दिन पहले भाजपा से इस्तीफा दे दिया था। शनिवार को वह विदिशा आए। इस दौरान उन्होंने बताया कि इस्तीफे का निर्णय उन्होंने एट्रोसिटी एक्ट में संशोधन और आरक्षण के मुद्दे को लेकर लिया है। मीडिया के सामने उन्होंने बयान दिया है कि भाजपा की सदस्यता लेना जिंदगी की सबसे बड़ी भूल थी।
पूर्व विधायक तिवारी ने कहा कि सवर्ण समाज प्रदेश की 230 सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ेगा। तिवारी उमा भारती की भारतीय जनशक्ति पार्टी से 2008 में मऊगंज सीट से विधायक बने थे। श्री तिवारी ने कहा हम जाति विरोधी नहीं हैं। इस मौके पर सवर्ण समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राम रुचि शुक्ला, एके तिवारी सहित कई मौजूद थे।
सपाक्स कार्यकर्ता हुए नाराज: लक्ष्मण तिवारी सपाक्स की बैठक में अहमद तिराहे पहुंचे। यहां लक्ष्मण तिवारी ने कहा कि सपाक्स कर्मचारियों का संगठन है। इस बात पर सपाक्स कार्यकर्ता नाराज हो गए। हालांकि बातचीत के बाद मामला शांत हो गया।