मध्यप्रदेश

मप्र में राहत की खबर : पॉजिटव 39 मरीजों में 7 की हालत में सुधार !

Aaryan Dwivedi
16 Feb 2021 6:18 AM GMT
मप्र में राहत की खबर : पॉजिटव 39 मरीजों में 7 की हालत में सुधार !
x
भोपाल। प्रदेश में बढ़ते कोरोना वायरस के संक्रमण के बीच राहत की खबर भी आई है। प्रदेश के विभन्न अस्पतालों में भर्ती 39 में से 7

भोपाल। प्रदेश में बढ़ते कोरोना वायरस के संक्रमण के बीच राहत की खबर भी आई है। प्रदेश के विभन्न अस्पतालों में भर्ती 39 में से 7 मरीजों की हालात में सुधार हुआ है। इसमें 6 मरीज जबलपुर और 1 मरीज ग्वालियर का है। इन मरीजों को कोरोनावायरस की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इन सातों मरीजों के स्वास्थ्य में सुधार होने की जानकारी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने वीडियो जारी करके भी दी है।

दोनों ही अस्पतालों के वरिष्ठ चिकित्सकों का कहना है कि 3 दिन पहले इन मरीजों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। सभी की दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आई है। 4 दिन बाद एक बार फिर से सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जाएंगे। तीसरे सैंपल की जो रिपोर्ट आएगी उसके आधार पर फैसला लिया जाएगा। ये लोग ठीक हो चुके हैं, अब इनमें कोरोनावायरस के लक्षण भी नहीं दिख रहे हैं और हालत भी सामान्य है। लेकिन, हम दूसरी जांच रिपोर्ट आने के बाद इनके ठीक होने के बारे में बुलेटिन जारी करेंगे।

मुख्यमंत्री ने जारी किया वीडियो

शनिवार रात को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने एक वीडियो जारी कर इन सातों मरीजों की हालत में सुधार होने की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोनावायरस की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने का ये मतलब बिलकुल नहीं है कि पीड़ित व्यक्ति ठीक नहीं हो सकता। समय पर इलाज और समाज से दूरी बनाकर अपने आपको सुरक्षित किया जा सकता है। संक्रमित व्यक्ति का इलाज संभव है। हालांकि इसकी दवा नहीं होने के कारण इसमें समय लग रहा है।

8 पॉजिटिव, 6 की हालत में सुधार

जबलपुर में 8 कोरोना पॉजिटिव अस्पताल में भर्ती हैं। इनमें से 6 लोगों की हालत में सुधार हुआ है। इन मरीजों को करीब एक हफ्ते पहले अस्पताल में भर्ती किया गया था। 6 के सैंपल दूसरी बार जांच के लिए भेजे गए थे। इसकी रिपोर्ट शनिवार शाम को निगेटिव आई है। शुक्रवार को जबलपुर में 2 और लोगों की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य महकमा सतर्कता से कदम उठा रहा है। यह दोनों मरीज संक्रमित सराफा व्यापारी के यहां काम करते हैं और 4 दिन से आइसोलेशन में थे। जबलपुर में कोरोनावायरस से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 8 हो गई। सराफा व्यापारी की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के अनुसार, व्यापारी दुबई से लौटने के बाद करीब 450 लोगों के संपर्क में आया।

ग्वालियर में 2 मरीज, 1 की हालत में सुधार

ग्वालियर में 5 दिन पहले कोरोना पॉजिटिव युवक की शनिवार को दूसरी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई। डॉक्टर्स का कहना है कि युवक का 4 दिन बाद एक और सैंपल लेकर भेजा जाएगा। यह फाइनल जांच होगी, इस रिपोर्ट के बाद कोई निर्णय लिया जाएगा। 2 दिन पहले युवक की पत्नी और बेटी की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई थी। युवक के संपर्क में आए करीब 8 अन्य लोगों की रिपोर्ट भी निगेटिव आई। युवक खजुराहो से लौटकर आया था। खजुराहो में वह जिस होटल में रुका था उसे सील कर दिया गया। पूरे परिवार को क्वारैंटाइन किया गया।

प्रदेश में कहां कितने मरीज

मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमण कोविड 19 से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 39 हो गई है। जिसमें से दो लोगों की अब तक मृत्यु हो चुकी है। इंदौर में शनिवार को फिर पांच नए केस कोरोना संक्रमण के सामने आए हैं। इस तरह यहां बीते 5 दिन में औसतन 5 केस सामने आया है। अकेले इंदौर में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है। वहीं ग्वालियर में एक मरीज संक्रमित पाया गया है। जबलपुर में आठ, भोपाल में 3, ग्वालियर में 2 और शिवपुरी में 2 केस आ चुके हैं। हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, प्रदेश में अब तक 338 संदिग्धों के सैंपल लिए गए, जिसमें 264 निगेटिव पाए गए गए। इसके अलावा 125 यात्रियों को अस्पताल में आइसोलेशन में रखा गया है, जबकि एक हजार 60 संदिग्धों को घरों में आइसोलेट किया गया है। वहीं 8 हजार 6 सौ 70 यात्रियों की जानकारी स्टेट पोर्टल में सर्विलेंस के लिए अपलोड की गई है।

Aaryan Dwivedi

Aaryan Dwivedi

    Next Story