भोपाल। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने रायसेन जिले में रीछन नदी में हुए बस हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस हादसे में मारे गए लोगों को 4-4 लाख रुपये की सहायता दिए जाने की घोषणा भी की है। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने स्वयं ट्वीट करके यह जानकारी दी है। इंदौर से छतरपुर जा रही यात्री बस बुधवार देर रात रायसेन जिले में रीछन नदी के पुल से नीचे जा गिरी। इस हादसे में पांच यात्रियों की तत्काल मौत हो गई और कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस हादसे पर मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दुख जताया है और प्रत्येक मृतक के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सरकारी मदद दिए जाने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट किया है- ‘रायसेन के पास यात्री बस के देर रात्रि रीछन नदी के पुल से नीचे गिरने की घटना बेहद दुखद। रात में ही जानकारी मिलने पर प्रशासन के अधिकारियों को राहत के सभी कार्य तत्परता से करने के निर्देश। घायल यात्रियों के समुचित इलाज कराने के निर्देश दिये। प्रशासन के अधिकारियों ने तत्काल मौक़े पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू कर कई लोगों की जान बचायी। इस दुखद घटना में मृत सभी यात्रियों के परिवारों के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं। घायल यात्रियों के शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से कामना। प्रशासन को इन परिवारों की हरसंभव मदद के निर्देश। इस दुखद घटना में प्रत्येक मृत व्यक्तियों के परिवारों के लिये 4-4 लाख रुपये की व घायलों के लिये हर संभव आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश’।

बस हादसे पर मारे गए लोगो की मुख्यमंत्री कमलनाथ ने की 4-4 लाख रुपये की सरकारी मदद
Facebook Comments
Please Share this Article, Follow and Like us: