ग्वालियर

Madhya Pradesh News : ये कांग्रेस विधायक अपनी ही सरकार के खिलाफ देंगे धरना, जानिए वजह...

Aaryan Dwivedi
16 Feb 2021 11:42 AM IST
Madhya Pradesh News : ये कांग्रेस विधायक अपनी ही सरकार के खिलाफ देंगे धरना, जानिए वजह...
x
Get Latest Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, Today News in Hindi, Breaking News, Hindi News - Rewa Riyasat

नागरिकता संशोधन कानून को लेकर अपनी पार्टी की तय लाइन के बाहर जाने वाले विधायकों लक्ष्मण सिंह, हरदीप सिंह डंग के बाद अब ग्वालियर के एक कांग्रेसी विधायक मुन्नालाल गोयल ने अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गोयल ने गरीबों के आशियाने उजाड़े जाने तथा गरीब भूमिहीनों को पट्टे देने के वचन पत्र के वचन के पूरा नहीं होने पर मुख्यमंत्री कमलनाथ को पत्र लिखा है।

गोयल ने कहा कि क्षेत्र की जनता के हितों की लड़ाई के लिए वह गांधीवादी तरीके से लड़ाई लड़ते रहे हैं इसलिए गरीब भूमिहीनों के हितों के लिए वे विधानसभा परिसर में गांधी प्रतिमा के सामने शनिवार को धरने पर बैठेंगे। इसके साथ ही अपने क्षेत्र की मांगों को लेकर शुक्रवार को गोयल ने सदन की कार्यवाही का बहिष्कार भी किया।

कांग्रेस विधायक मुन्ना लाल गोयल ने मुख्यमंत्री कमलनाथ को पांच सूत्रीय मांगों का एक पत्र शुक्रवार को लिखा है। पत्र के साथ गोयल ने सीएम को अपने विधानसभा क्षेत्र में 20 साल से 1200 गरीब भूमिहीन परिवारों की सूची भी भेजी है। उन्होंने इन सभी भूमिहीनों को पट्टे देने की मांग की है।

गोयल ने 2014 में भाजपा ने राज्य के भूमिहीनों को पट्टे देने का सर्वे कराया था जिसे निरस्त कर फिर नए सिरे से सर्वे कराने, ग्वालियर एडीएम अनूपसिंह द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ अभद्रता किए जाने, मुरार नदी के संरक्षण व रिंग रोड बनाए जाने के प्रोजेक्ट को स्वीकृत करने और विधायकों की समस्याओं के निराकरण के लिए 15 दिन में एक बार हर संभाग के विधायकों को बुलाकर विकास कार्यों की समीक्षा करने की मांग रखी है।

गौरतलब है कि पिछले दिनों कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक लक्ष्मण सिंह ने लगातार नागरिकता कानून पर राजनीति बंद करने की सलाह दी थी और कहा था कि मुसलमान भी इसे बंद करने को कह रहे हैं। इसी तरह हरदीप डंग ने नागरिकता कानून का समर्थन कर दिया था। अब मुन्न्ालाल गोयल द्वारा अपनी सरकार की अतिक्रमण विरोधी मुहिम पर सवाल उठा रहे हैं तथा गरीब भूमिहीनों को पट्टे देने के वचन पत्र के वचन के पूरा नहीं करने का आरोप लगाए जा रहे हैं।

क्षेत्र की जनता के हितों के लिए धरना

क्षेत्र की जनता के हितों के लिए मैं गांधीवादी तरीके से धरना दे रहा हूं। मैं अपनी सरकार के साथ हूं लेकिन जब क्षेत्र की जनता परेशान होगी तो उसकी बात भी उठाना जरूरी है। साथ ही विकास कार्यों को गति दिलाने के लिए यह धरना दे रहा हूं। - मुन्नालाल गोयल, विधायक, ग्वालियर पूर्व

Next Story