ग्वालियर

कांग्रेस का एक ही मतलब सत्ता पर राजनीति : शिवराज सिंह चौहान

Aaryan Dwivedi
16 Feb 2021 11:32 AM IST
कांग्रेस का एक ही मतलब सत्ता पर राजनीति : शिवराज सिंह चौहान
x
Get Latest Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, Today News in Hindi, Breaking News, Hindi News - Rewa Riyasat

अशोकनगर. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर सत्ता की राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि जो पार्टी अपना नेता, अपना सेनापति तय नहीं कर पा रही है, वह प्रदेश का विकास कैसे करेगी। श्री चौहान ने मुंगावली विधानसभा के पिपरई में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी के.पी.यादव के पक्ष में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस में हर नेता मुख्यमंत्री पद का दावेदार है। जितने नेता हैं उतनी सरकारें हैं। जो पार्टी अपना नेता, अपना सेनापति तय नहीं कर पा रही है, वह प्रदेश का विकास कैसे करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ सत्ता के लिए, कुर्सी के लिए राजनीति करती है और उन्हें प्रदेश के विकास से कोई मतलब नहीं है। उन्होंने कहा कि पिपरई में ज्यादातर समय कांग्रेस के विधायक रहे हैं,लेकिन उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए कुछ नहीं मांगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के जमाने में गड्ढों में सड़कें हुआ करती थीं, राज्य सरकार ने डेढ़ लाख किलोमीटर की सड़कों का जाल बिछाया है। कांग्रेस के समय में किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिलता था हमने यहां पर बड़ी योजना का शिलान्यास किया है।

420 करोड़ रूपए की चंदेरी परियोजना की शुरूआत कराई है। इससे 85 गांवों की करीब 70 हजार एकड़ जमीन में सिंचाई होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार विकास के मामले में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। श्री चौहान ने कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद को लेकर मचे घमासान पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस अब तक अपना नेता तय नहीं कर पाई है तो वे कैसे मध्यप्रदेश में किए गए विकास के वादों को पूरा करेंगे। कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद के लिए नेताओं की भरमार है, किसी एक नेता को मुख्यमंत्री कहकर पुकारों तो 25 नेता खड़े हो जाते हैं।

कांग्रेस के सब नेताओं की अपनी अलग-अलग सरकार हैं। छिंदवाड़ा जाओ तो यहां पर कमलनाथ सरकार, गुना-अशोकनगर जाओ तो सिंधिया सरकार, रीवा जाओ तो अजय सिंह सरकार, भोपाल में पचैरी सरकार, झाबुआ में भूरिया सरकार। यदि इनके भरोसे मध्यप्रदेश को छोड़ दिया तो फिर प्रदेश की वही स्थिति हो जाएगी जो 2003 से पहले हुआ करती थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने मध्यप्रदेश में 54 साल तक सरकार चलाई, लेकिन विकास के नाम पर कुछ नहीं किया। भाजपा पिछले 15 वर्षों से सत्ता में है और इस दौरान बीमारू मध्यप्रदेश को विकसित प्रदेश बना दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के घोषणा पत्र में जो भी वादे किए हैं उनको हर हाल में पूरा किया जायेगा।

श्री सिंह ने कहा कि बेटियों को बारहवीं में 75 प्रतिशत अंक लाने पर स्कूटी देंगे। अब बेटियां स्कूटी से काॅलेज जाया करेंगी। पहले स्कूल जाने के लिए राज्य सरकार ने बेटियों को साइकिल दी। उन्होंने कहा कि मैंने अपने भांजे-भांजियों की पढ़ाई के लिए सरकार का खजाना पूरी तरह से खोल दिया है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष जयकुमार सिंघई, यादवेंद्र सिंह, महेश श्रीवास्तव, महालक्ष्मी यादव, जितेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

Next Story