ग्वालियर

अनंत यात्रा पर अटल, पंचतत्व में हुए विलीन, दत्तक पुत्री नमिता ने दी मुखाग्नि

Aaryan Dwivedi
16 Feb 2021 11:29 AM IST
अनंत यात्रा पर अटल, पंचतत्व में हुए विलीन, दत्तक पुत्री नमिता ने दी मुखाग्नि
x
Get Latest Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, Today News in Hindi, Breaking News, Hindi News - Rewa Riyasat
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी शुक्रवार शाम पंचतत्व में विलीन हो गए। यमुना के घाट पर ‘राष्ट्रीय स्मृति स्थल’ पर वाजपेयी का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया।
उनकी अंतिम यात्रा भाजपा मुख्यालय से शुरू हुई जिसमें हजारों की संख्या में लोग अपने प्रिय नेता को अश्रूपूर्ण विदाई दी। उनके अंतिम दर्शन की लालसा लिये हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर खड़े थे। पूरे देश से हजारों की संख्या में लोग वाजपेयी के अंतिम दर्शन करने और उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए भाजपा मुख्यालय पहुंचे।
वाजपेयी का पार्थिव शरीर कृष्ण मेनन मार्ग स्थित उनके आवास से सुबह 11 बजे दीन दयाल मार्ग पर भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय लाया गया था। जहां बड़ी संख्या में बच्चे, बूढ़े, महिलाएं सभी मौजूद थे। अपने नेता के अंतिम दर्शन के लिए लोग पेड़ों तक पर चढ़ गये।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, तमाम कैबिनेट मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों, विपक्षी दलों के नेताओं और तमाम विदेशी नेताओं ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी।

LIVE अपडेट्स: - पंचतत्व में विलीन हुए अटल, दत्तक पुत्री नमिता ने दी मुखाग्नि। - मंत्रोच्चार के साथ अटल जी का अंतिम संस्कार शुरू, थोड़ी देर में पंचतत्व में होंगे विलीन। - वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अटल जी का अंतिम संस्कार शुरू। - भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी ने अटल को दी श्रद्धांजलि। - भूटान नरेश, अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई, बांग्लादेश और नेपाल के प्रतिनिधि ने अटल को दी श्रद्धांजलि। - राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी। - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी। - रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण, लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन, तीन सेना प्रमुखों ने वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी। - अटल जी का पार्थिव शरीर अंत्येष्टि स्थल पहुंचा। - शेफ डे मिशन के ब्रिज भूषण शरण सिंह ने कहा, भारतीय एथलीटों द्वारा 2018 एशियन गेम्स में जीते जाने वाले सभी मेडल पूर्व पीएम वाजपेयी को समर्पित किए जाएंगे। - अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंच गए हैं। - पूर्व पीएम की इस अंतिम यात्रा के दौरान पीएम मोदी और शाह पैदल चल रहे हैं। - भाजपा मुख्यालय से पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी वाजपेयी की अंतिम यात्रा शुरू हो चुकी है। अंतिम यात्रा में पीएम नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं। - भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक ने वाजपेयी को भाजपा मुख्यालय में श्रद्धांजलि दी। इस दौरान वहां पीएम मोदी, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और अमित शाह भी मौजूद थे। - वाजपेयी के पूर्व सहयोगी रहे सुधींद्र कुलकर्णी ने कहा, मैंने उनके साथ 6 सालों तक काम किया। एक पीएम के तौर पर वह काफी सरल थे। वह हर किसी का सम्मान करते थे। उन्होंने एक बार कहा था कि वह कश्मीर मुद्दे का समाधान मानवता की सीमाओं में रहकर करेंगे ना कि संविधान की। इन शब्दों से उन्होंने कश्मीरियों का दिल जीत लिया था। - श्रीलंका के कार्यकारी विदेश मंत्री लक्ष्मण किरील्ला पूर्व प्रधानमंत्री को अंतिम विदाई देने के लिए दिल्ली पहुंच गए हैं। - सीपीआई (एम) के महासचिव सीताराम येचुरी ने कहा, यह अटल जी की खासियत थी कि उन्होंने अपने राजनीतिक और वैचारिक मतभेद होने के बावजूद कभी मानवता को नुकसान नहीं पहुंचने दिया। आज देश को इसी सिद्धांत की जरुरत है। - दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और आप के सांसद संजय सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी। - भारत में मौजूद ब्रिटेन के उच्चायुक्त डोमिनिक अस्कविथ ने कहा, वह बहुत ही महत्वपूर्ण व्यक्ति थे जिनकी हम इज्जत करते हैं और यह भारत के लिए लबहुत बड़ी क्षति है। मैं उस ऊंची शख्सियत को यहां सम्मान देने के लिए आया हूं। - बांग्लादेश के विदेश मंत्री ने कहा, हम उन्हें बांग्लादेश लिबरेशन वॉर के दौरान दिए गए योगदान और बांग्लादेश के लोगों का साथ देने के लिए याद कर रहे हैं। उन्हें बंगाली संगीत काफी पसंद था। जब वह विदेश मंत्री बने तो मुझे करियर राजनयिक के रूप में दिल्ली में सेवा करने का अधिकार मिला। - अटल बिहारी को श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंचे फिल्म निर्माता मधुर भंडारकर ने कहा, मैं उनसे एक बार 2006 में मिला था। वह बहुत अच्छे वक्ता थे। भारतीय राजनीति उनकी वजह से खाली हुई जगह को कोई नहीं भर सकता है। वह हर किसी के रोल मॉडल थे और अपनी कविता, भाषण और वक्तव्य के जरिए उन्होंने बहुतों को प्रेरित किया है। - नेपाल के विदेश मंत्री प्रदीप कुमार घ्यावाल, बांग्लादेश के विदेस मंत्री अबुल हसन महमूद अली, श्रीलंका के कार्यकारी विदेश मंत्री लक्ष्मण किरील्ला और भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्येल वांगचुक पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि देने के लिए दिल्ली पहुंच गए हैं। वह उनके अंतिम संस्कार में भी शामिल होंगे। - डीएमके नेता ए राजा, असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल और मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने भी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी। - केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि दी। - भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्येल वांगचुक, नेपाल के विदेश मंत्री पीके घ्यावा, श्रीलंका के कार्यकारी विदेश मंत्री लक्ष्मण किल्ला, बांग्लादेश के विदेश मंत्री अबुल हसन महमूद अली और पाकिस्तान के कानून मंत्री अली जफर आज दिल्ली में पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि देने के लिए दिल्ली पहुंचेगें। - अटल बिहारी वाजपेयी का पार्थिव शरीर भाजपा मुख्यालय पहुंच गया है। यहां पीएम मोदी सहित भाजपा के नेता इंतजार कर रहे थे। - इंडिया गेट पर पहुंचे रहा है पार्थिव शरीर, साथ-साथ चल रहे हैं भाजपा कार्यकर्ता। आखिरी झलक देखने के लिए सड़कों पर लोग खड़े हैं। - भाजपा मुख्यालय के बाहर बहुत संख्या में लोग जमा हैं। यहां कुछ ही देर में पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी के पार्थिव शरीर को लाया जाएगा। - अटल बिहारी वाजपेयी के पार्थिव शरीर को भाजपा मुख्यालय लाया जा रहा है। - भाजपा मुख्यालय पहुंचे पीएम मोदी। - थोड़ी देर में कभी भी अटल बिहारी वाजपेयी के पार्थिव शरीर को भाजपा मुख्यालय लेकर जाया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह साथ रहेंगे। - आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री नारा चंद्रबाबू नायडू पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंचे। - कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके आवास पर पहुंचे। - राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल ने पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी। - भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल सुनील लांबा ने अटल बिहारी को श्रद्धांजलि दी। - सेनाप्रमुख बिपिन रावत ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को दिल्ली के उनके आवास पर श्रद्धांजलि दी। - दिल्ली डीसीपी मधुर वर्मा ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया कि दिल्ली पुलिस ने उनके अंतिम संस्कार जुलूस के लिए विस्तृत सुरक्षा व्यवस्था की है। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि जो लोग श्रद्धांजलि देने आते हैं, उनको ज्यादा असुविधा का सामना न करना पड़े और सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं होगा। - सेना के जिस वाहन में अटल बिहारी वाजपेयी के पार्थिव शरीर को उनको निवास से बीजेपी दफ्तर में लेकर जाया जाएगा। उसमें अटल बिहारी वाजपेयी के परिवार के लोगों के साथ पार्टी अध्यक्ष अमित शाह भी रहेंगे। -आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी को उनके आवास पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। - गीतकार जावेद अख्तर और उनकी पत्नी शबाना आजमी ने पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित की। जावेद अख्तर ने कहा, 'बहुत कम होता है जब एक राजनेता को पार्टी लाइन से बाहर इतना सम्मान मिलता है। अलग विचार धारा के लोग भी उनसे प्यार करते हैं क्योंकि वह सबसे प्यार करते थे।' - केरल के राज्यपाल पी. सदाशिवम और तमिलनाडु के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Next Story