एमपी इंदौर के रीगल टॉकीज में दो माह के अंदर दूसरी बार भड़की आग, मची अफरा तफरी

MP News: मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में स्थित रीगल टॉकीज में आज एक बार फिर अचानक आग भड़क उठी। जिससे आसपास के लोगों में अफरा तफरी का माहौल निर्मित हो गया।

Update: 2023-10-10 11:47 GMT

मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में स्थित रीगल टॉकीज में आज एक बार फिर अचानक आग भड़क उठी। जिससे आसपास के लोगों में अफरा तफरी का माहौल निर्मित हो गया। आगजनी की घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। जिसके बाद आग पर काबू पाने के प्रयास प्रारंभ हुए। यह टॉकीज बंद पड़ी हुई है, जिसमें दो महीने के अंदर आगजनी की यह दूसरी घटना है।

7 अगस्त को भी लगी थी आग

इंदौर की रीगल टॉकीज में इसके पूर्व भी आगजनी की घटना हुई थी। 7 अगस्त को यहां अचानक आग भड़क उठी थी। इस बार आग टॉकीज के पिछले हिस्से में लगी है। जिसके बाद इलाके में अफरा तफरी मच गई। टॉकीज के पीछे बने रहवासी इलाके से लोग भागते हुए नजर आए। हालांकि पुलिस और फायर ब्रिगेड को जानकारी मिलने के बाद आग पर काबू पा लिया गया। स्थानीय रहवासियों ने ऐसी आशंका जताई कि इसके पीछे साजिश भी हो सकती है। दो महीने में दूसरी बार हुई इस तरह की घटना से रहवासियों में दहशत का माहौल है। इस टॉकीज के इतिहास की बाज की जाए तो यहां प्रदर्शित होने वाली फिल्म राजा हरिश्चंद्र थी, जो 85 साल पहले रिलीज हुई थी। यही भारतीय सिने इतिहास की पहली फिल्म भी मानी जाती है।

नगर निगम ने जड़ दिया था ताला

वर्ष 2019 में कानूनी कारणों से लीज नवीनीकरण नहीं होने के बाद रीगल टॉकीज को नगर निगम ने अपने कब्जे में लेते हुए इसमें ताला जड़ दिया था। इसी टॉकीज के नाम से ही शहर का रीगल चौराहा भी जाना जाता है। यह टॉकीज 85 साल तक पूरे शहर के लिए मनोरंजन का साधन रही थी। टॉकीज में दो बार आग लगने की घटना के बाद अब पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि यह हादसा है अथवा कोई साजिश है। इस टॉकीज में अंतिम फिल्म ड्रीम गर्ल लगी थी। जिसके बाद इस टॉकीज को बंद कर दिया गया था।

इनका कहना है

इस संबंध में थाना तुकोगंज के सब इंस्पेक्टर बीएस रघुवंशी का कहना है कि रीगल टॉकीज के पिछले हिस्से में आगजनी की घटना घटित हुई। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस द्वारा यह पता लगाया जा रहा है यह साजिश है अथवा हादसा है।

Tags:    

Similar News